चंपावत। जिला अस्पताल में दो माह से तीसरी आंख खराब पड़ी है। इससे अस्पताल परिसर सहित वार्ड में भर्ती मरीजों के सामान चोरी होने का भी खतरा बना हुआ है।
अस्पताल में पिछले दिनों मरम्मत का काम चलने से जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फिटिंग को खोलना पड़ा था। पिछले दो माह से अस्पताल के सीसीटीवी कैमरा बंद चल रहे हैं। इससे अस्पताल में होने वाली गतिविधियां कैमरे में रिकार्ड नहीं हो पा रही है। कैमरे बंद होने से अस्पताल में यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई भी कर पाना मुश्किल हो रहा है। कैमरे खराब होने से मरीजों और तीमारदारों को सामान चोरी होने का डर बना हुआ है। अगर अस्पताल में चोरी होती है तो चोरी का खुलासा करना आसान नहीं होगा। पीएमएस डॉ.पीएस खोलिया ने बताया की अस्पताल में पिछले दिनों मरम्मत का काम किया गया था, उस समय सीसीटीवी को खोला गया था, जल्द ही ठीक किया जाएगा। संवाद