स्वाला गांव में चोरों द्वारा तोड़ी गई अलमारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय से तकरीबन 22 किमी. दूर स्वाला गांव में चोरों ने एक घर में धावा बोल दिया। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी को तोड़ आठ हजार रुपये और साठ हजार रुपये मूल्य के सोने के दो मंगलसूत्र साफ कर दिए। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। गृह स्वामिनी घास काटने समीप के जंगल गई थी। घटना की सूचना पुलिस को अभी नहीं दी गई है।
स्वाला के सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरी दत्त भट्ट ने बताया कि मंगलवार सांय तीन बजे स्वाला गांव में नंदा देवी पत्नी स्व.खिलानंद भट्ट के घर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। उन्होंने बताया कि चोर दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर घुसे। उसके बाद चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी के दरवाजे तोड़ दिए। चोरों ने अलमारी में रखे आठ हजार रुपये की नकदी और नौ-नौ ग्राम के दो मंगलसूत्रों को चुरा लिया। चुराए गए दोनों मंगलसूत्रों की कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के वक्त नंदा देवी पास के जंगल में घास काटने गई थी।
ईश्वरी दत्त भट्ट ने बताया कि महिला के दो पुत्र ललित भट्ट और प्रकाश भट्ट दिल्ली में परिवार के साथ रहते हुए प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों स्वाला को रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना अभी पुलिस को नहीं दी गई है। अलबत्ता ललित और प्रकाश के आने के बाद पुलिस को सूचना देने की बात कही जा रही है।