बाराकोट के लड़ीधुरा मंदिर के भंडार कक्ष का चोरों द्वारा काटा गया ताला।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट के प्रसिद्ध लड़ीधूरा मंदिर के भंडार कक्ष का चोरों ने ताला तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में पिछले साल हुई चोरियों का खुलासा करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
लड़ीधुरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी ने बताया कि मंगलवार की शाम को पम्दा निवासी आचार्य प्रकाश चंद्र जोशी मंदिर में देव दर्शन के लिए गए थे। उन्होंने मंदिर के भंडार कक्ष का ताला कटा देखा तो वह दंग रह गए। उन्होंने इसकी सूचना लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच को दी। इस पर मंच के पदाधिकारी दुर्गेश चंद्र जोशी एवं रजनीश जोशी ने चोरों के मंदिर में फैलाए गए सामान को व्यवस्थित किया। मंच के अध्यक्ष नगेंद्र ने बताया कि चोर मंदिर क्या ले गए हैं इसका पता नहीं चल रहा है। उनका का कहना है कि पिछले साल चोरों ने काकड़ के शिव मंदिर, लड़ीधुरा के भगवती मंदिर से कीमती पीतल और तांबे के बर्तन चोरी कर लिए थे। इनका अभी तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ताला काटने वालों का पता लगाने के साथ विगत वर्ष हुई चोरियों का खुलासा करने की मांग की है।