लंबे से समय से पेयजल संकट जूझ रहे अंबेडकर ग्राम फागपुर में पानी की किल्लत जल्द दूर होगी। स्वैप योजना से निर्मित ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई की ट्रायल सफल रहा।
वर्षों से पेयजल संकट का सामना करने वाले गांव फागपुर में पानी की समस्या का निदान हो गया है। ग्राम प्रधान गीता देवी ने बताया कि जल्द नवनिर्मित टंकी से पानी सप्लाई का उद्घाटन किया जाएगा। बता दें कि अंबेडकर ग्राम फागपुर में पेयजल समस्या के निदान को वर्ष 2010 में तत्कालीन जिलाधिकारी ने राजीव गांधी पेयजल योजना के तहत जिला पंचायत से सर्वे कराकर डीपीआर शासन को भेजी थी, जिसके बाद स्वैप योजना से 1 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से कार्य आरंभ कराया गया।
तत्कालीन ग्राम प्रधान चंद्र प्रकाश ने बताया कि गांव में उपभोक्ता पेयजल स्वच्छता उपसमिति का गठन कर 54 हजार रुपये का अंशदान भी जमा किया गया था।
पंतनगर से कराई गई पानी की टेस्टिंग
जल निगम अल्मोड़ा द्वारा पंतनगर विश्वविद्यालय से भूमिगत पानी की टेस्टिंग कराई गई थी। रिपोर्ट सही पाई जाने पर बोरिंग कार्य शुरू कराया गया था। ग्रामीण पद्मा चंद पत्नी गजेंद्र चंद ने ओरवहेड टैंक के लिए भूमि दान में दी है।