नेपाल सीमा से लगे चूका क्षेत्र में एकत्र की गई अवैध खनन सामग्री। संवाद
टनकपुर (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे चूका क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। खनन सामग्री को चूका के क्रशर के पास एकत्र किया जा रहा है। अवैध खनन का वीडियो सामने आने पर अब प्रशासन जांच की बात कह पल्ला झाड़ रहा है।
चंपावत जिले में अभी दियूरी और नौलापानी में ही खनन के पट्टे जारी किए गए हैं लेकिन निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर चूका और उसके आसपास एक भी पट्टा नहीं दिया गया है। बावजूद इसके नेपाल सीमा से लगे इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अवैध खनन का खेल जोरों से चल रहा है। यहां से खनन सामग्री एक क्रशर में डाली जा रही है।
टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर 10 दिसंबर को रेत से भरे ट्रक में लगी आग के बाद ये मामला सार्वजनिक हुआ था। इसके बाद कुछ दिनों तक अवैध खनन पर लगाम लगी लेकिन अब पिछले सप्ताह से फिर धड़ल्ले से अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है।
पास में ही वन और पुलिस विभाग की चौकी होने के बावजूद लगाम नहीं लगने से नाराज कुछ लोगों ने खनन के वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो में चूका क्षेत्र के एक क्रशर के पास खनन सामग्री दिख रही है। साथ ही तीन डंपर खनन सामग्री ढोते दिख रहे हैं। वीडियो में इन लोगों ने कई सवाल उठाते हुए अवैध खनन के मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
कोट
चूका क्षेत्र में अवैध खनन से संबंधित वीडियो की जानकारी मिली है। इस मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। - चित्रा जोशी, जिला खनन अधिकारी, चंपावत।
फोटो 26 सीपीटी 01पी।