मां पूर्णागिरि धाम के बेस कैंप ठुलीगाड़ से 6 किलोमीटर दूर कोटकेंद्री जूनियर हाईस्कूल का ताला तीन सितंबर से नहीं खुला है। 3 सितंबर से शिक्षक स्कूल नहीं आया है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों सेे मामले की शिकायत की है।सब पढ़े-सब बढ़े स्लोगन का कोटकेंद्री जूनियर हाईस्कूल में दम निकल रहा है।
यहां के छात्र-छात्राओं को पढ़ाने वाला कोई नहीं। चंद्रकला, पिंकी, रेणु, नंदी सहित स्कूल के 8 छात्र-छात्राएं रोज एक किमी दूर स्कूल आते है और कुछ देर ताला खुलने का इंतजार कर लौट जाते थे। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से स्कूल बंद होने की शिकायत की है लेकिन अधिकारियों की तरफ से स्कूल खोलने की कोई पहल नहीं की गई है।
अभिभावकों का कहना है कि 21 दिन से स्कूल में ताला लगा है इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह, मदन सिंह, सतीश सिंह, पूरन राम, माधो सिंह आदि का कहना है कि स्कूल बंद होने की शिकायत विभाग से की, लेकिन अभी तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने ड्यूटी से नदारद शिक्षक पर कार्रवाई तथा तत्काल स्कूल खुलवाने की मांग की।
चंपावत के खंड शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट का कहना है कि कोटकेंद्री जूनियर हाईस्कूल में ताला लटकने की जानकारी खंड कार्यालय को नहीं है। पता लगने पर मामले की जानकारी ली जा रही है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।