चंपावत। जिले के दूरस्थ क्षेत्र भिंगराड़ा ग्राम पंचायत की महिलाओं ने स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण में मिसाल कायम की है। उज्ज्वल महिला ग्राम संगठन की पिरुल ब्रिकेटिंग इकाई अब ग्रामीण आजीविका सशक्तीकरण का प्रभावी मॉडल बन कर उभर रही है। यूनिट ने अल्मोड़ा के लिए ब्रिकेट की पहली खेप भेजी है।
संगठन ने अल्मोड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 100 क्विंटल के ऑर्डर के सापेक्ष 20 क्विंटल ब्रिकेट की पहली खेप 11 रुपये प्रति किलो की दर से भेजी। यह पहल वेस्ट टू वेल्थ की अवधारणा को साकार कर ग्रामीण महिलाओं के लिए आय और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनी है। इस इकाई के माध्यम से वर्तमान में लगभग 75 महिलाएं प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त कर रही हैं।
डीएम मनीष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ वनाग्नि की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में इकाई की मशीनरी क्षमता बढ़ाने और उत्पाद के व्यापक विपणन में जिला प्रशासन के सहयोग का आश्वासन दिया।