बाराकोट के तड़ीगांव में दिन दहाड़े दिखाई देते तेंदुए। संवाद
लोहाघाट(चंपावत)। विकासखंड बाराकोट में डोबाभागू के तड़ीगांव में तेंदुए की दहशत से निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बीते एक साल से क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी है। वर्तमान में पांच तेंदुए एक साथ दिख रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि तेंदुए क्षेत्र में कई मवेशियों को निवाला बना चुके हैं। क्षेत्र में हर वक्त लोगों को खतरा बना है। तेंदुए के डर से पशुपालक जंगलों में चारा लेने के लिए नहीं जा रहे हैं। पूर्व में भी वन विभाग से तेंदुए को पिंजरा लगाकर पकड़ने की मांग उठाई थी, लेकिन वन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि अगर जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान हेमा तिवारी, मनोज कुमार, जगदीश तिवारी, बलदेव तिवारी, सुभाष कुमार, सुंदर राम, प्रेम राम, प्रकाश राम, परम राम, चूड़ा राम, हरि दत्त तिवारी, कमलपति तिवारी, जगदीश राम आदि मौजूद रहे।