जिला अस्पताल से शुक्रवार को एक और प्रसव पीड़िता को प्रसव के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया। सीमांत कफल्टा मल्ला से आई सुमन (18) पत्नी स्वर्गीय त्रिलोक राम को प्रसव वेदना होने पर जिला अस्पताल लाया गया तो वहां तैनात डॉक्टरों ने उसे देखे बिना तत्काल हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
गरीब परिवार की सुमन की हालात लगातार खराब होती जा रही है। उसके पति का नौ माह पूर्व एक दुर्घटना में निधन हो गया है। अपने ससुर खीम राम के साथ जिला अस्पताल पहुंची सुमन का कहना है कि उनका अंत्योदय का कार्ड तो बना है लेकिन किसी प्रकार का स्वास्थ्य बीमा कार्ड नहीं बना है। ससुर के पास बाहर प्रसव या इलाज कराने के लिए रुपये नहीं हैं। ऐसे में बहू और ससुर सरकार से मदद की आस लगाए थे, लेकिन उन्हें मदद तो दूर अस्पताल में भर्ती तक नहीं किया गया।
कफल्टा मल्ला से आई प्रसव पीड़ित महिला की हालात काफी हाइरिस्क थी, जिस कारण उसे अन्यत्र रेफर किया गया। महिला की गंभीर स्थिति के कारण यहां आपरेशन की उचित सुविधा न होने तथा ब्लड बैंक न होने के कारण ही उन्हें रेफर किया गया है। -डा.एसबी ओली, सीएमएस, जिला अस्पताल।