घास के संक्रमण से बीमार बालिका
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। जिले के सीमांत बौतड़ी पंचेश्वर निवासी किरन चंद (8) पुत्री पद्म चंद को घास काटने के दौरान जहरीले संक्रमण की चपेट में आने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के प्रयास से बालिका के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। किरन घर के पास ही एक खेत में घास काट रही थी कि इसी बीच वह जहरीले कीड़े अथवा किसी वनस्पति आदि की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय बालिका के परिजन या कोई और व्यक्ति आसपास नहीं था। बाद में परिजनों के घर लौटने पर बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सीएमएस डा.आरके जोशी और डा.उदयशंकर ने बालिका का इलाज किया। बेहद गरीब आर्थिक पृष्ठभूमि के होने के चलते बालिका को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने के बजाए स्थानीय स्तर पर ही इलाज किया जा रहा है। डा.उदयशंकर के अनुसार बालिका की स्थिति में साठ फीसदी से अधिक का सुधार हो गया है। उनका कहना है कि यह अपने किस्म का पहला मामला है जब यह मालूम करना मुश्किल हो रहा है कि बालिका किस तरह के जहरीले संक्रमण का शिकार हुई है।