छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर कौन काबिज होगा? इसका जवाब शनिवार शाम को मिल जाएगा। अध्यक्ष के अलावा अन्य सभी छह पदों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव हो चुका है। अध्यक्ष पद का फैसला बहुसंख्यक छात्राएं करेंगी, जो कुल वोटरों का करीब 65 प्रतिशत है। छात्रसंघ की इस सबसे बड़ी कुर्सी के लिए सीधा मुकाबला होगा। वोटिंग सुबह 9.30 बजे से अपरान्ह दो बजे तक होगी।
छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डा.बीपी ओली ने बताया कि चंपावत में 357 छात्राओं सहित कुल 571 मतदाता हैं। अध्यक्ष पद पर कमल सिंह और अभिषेक गंगोला के बीच सीधा मुकाबला होगा। दोनों प्रत्याशी और उनके समर्थक आखिरी वक्त तक वोटरों को लुभाने में लगे रहे।
प्राचार्य डा.सीडी सूंठा ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परिचय पत्र के बगैर किसी भी वोटर को कालेज परिसर में नहीं आने दिया जाएगा। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। मतदान के बाद 3 बजे से वोटों की गिनती होगी, जबकि चुनाव नतीजा और शपथ ग्रहण भी शाम को हो जाएगा।