चंपावत। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना की शुरुआत हो गई है। इस योजना को भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के सहयोग से चलाया जा रहा है।
इस संबंध में अहमदाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त वाणिज्य विभाग के डॉ. किरण कुमार पंत ने बताया कि छात्रों में छिपे कौशल ही उनके विकास और इस क्षेत्र के विकास के माध्यम बनेंगे। बताया कि राज्य सरकार भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के साथ मिलकर प्रदेश के युवाओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगी।
डॉ. पंत ने बताया कि योजना के अंतर्गत चंपावत में अवेरनेस प्रोग्राम, बूट कैंप, प्रशिक्षण कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जाएगा। इस योजना में नियमानुसार फंडिंग भी उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। इसी क्रम में चंपावत कॉलेज में भी उद्यमिता विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। प्राचार्य डॉ. चंद्र राम ने कहा है कि देव भूमि उद्यमिता विकास योजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। संवाद
देवीधुरा के संस्कृत विभागाध्यक्ष ने भी किया प्रतिभाग
पाटी (चंपावत)। राज्य के युवाओं, व्यापारियों को सशक्त उद्यमी बनाने के लिए भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद (गुजरात) में पांच से 10 दिसंबर तक फैकल्टी मेंटर डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय आदर्श महाविद्यालय देवीधुरा के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. हेम चंद्र ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत मार्च 2024 तक भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद और इसके देहरादून केंद्र के सहयोग से महाविद्यालयों विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को उद्यमशील बनाने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक शिविर में 250 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। संवाद