लोहाघाट (चंपावत)। भारत-नेपाल सीमा में सरयू नदी पर बने पैदल झूला पुल की हालत बेहद जर्जर हो गई है। इस कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। जर्जर हालत में पहुंच चुके पुल से लोग खौफ के साये में आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने पुल की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शीघ्र मरम्मत न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लोक निर्माण विभाग ने कई दशक पूर्व सरयू नदी में झूला पुल बनाया था। इस पुल से तड़ेमियां, रावतगढ़ा, सल्ला, पंथ्यूड़ी आदि के अलावा नेपाल के लोग आवागमन करते हैं, पर अब पुल जीर्णशीर्ण हो गया है। पुल में कई जगह गड्ढे बने होने से लोगों के पैर फंसने, गिरने आदि का खतरा है।
ग्राम प्रधान दीपक सौन, वजीर सिंह, नवीन सुतेड़ी, शेर सिंह, उमेश कुमार आदि का कहना है कि पुल का रखरखाव न होने से इससे आवाजाही खतरे से खाली नहीं है। पुल पार पंचेश्वर स्थित चौखाम बाबा मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को कई बार पुल की मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने विभाग को ज्ञापन भेज शीघ्र पुल की मरम्मत न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।