चंपावत। टनकपुर नगर पालिका क्षेत्र में जल भराव से बचाव को पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। फिलहाल अधिकांश नालियों और नालों की सफाई कराई जा चुकी है, मगर यहां खतरा शारदा नदी घाट के पास बने मकान हैं। इस इलाके में 31 मकानों को चिन्हित किया गया है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी शेखर चंद्र जोशी ने बताया कि नदी का जल स्तर बढ़ने पर शारदा घाट में खतरे की आशंका वाले 31 मकानों को चिन्हित किया गया है। इन मकानों में लाल निशान भी लगाया गया है। पानी बढ़ने पर इन मकानों में रहने वालों को पंचमुखी धर्मशाला, जीआईसी, नगरपालिका हॉल में शिफ्ट किया जाएगा। ईओ जोशी का कहना है कि सफाई के मद्देनजर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया गया है। मां पूर्णागिरि धाम मेला अनुदान से 14 सफाई कर्मियों को रख सफाई पर खास ध्यान दिया गया है। इसके अलावा 41 स्वच्छक और हैं। दो छोटे वाहन, एक टिप्पर और एक ट्रैक्टर के जरिए जलभराव से बचाने के प्रयास किए गए हैं।
चंपावत। मानसून सक्रिय होने के बावजूद नगर क्षेत्र में जलभराव से निपटने की तैयारी ठीकठाक नहीं है। जिला मुख्यालय में नालियों से गंदे पानी के निकासी सिस्टम को ठीक करने का दावा पालिका तो कर रही है, मगर ग्राउंड का रियल्टी टेस्ट कुछ और ही नजारा पेश कर रहा है। अधिकांश नालियां पानी के प्रवाह लायक नहीं है। ठोस गंदगी, कचरा आदि के चलते शहर में एक तेज बारिश नालियों के गंदे पानी को रोड में ला देगी।
यहां की अधिकांश नालियां कूड़े-करकट से भरी पड़ी हैं। मोटर स्टेशन रोड पर ही गंदे पानी के निकास के लिए नालियों में रत्तीभर जगह नहीं है। बालेश्वर के पास, तल्लीहाट आदि जगहों की नालियों के भीतर से पानी की लाइनें गुजरने से भी सफाई में परेशानी आ रही है। मोटर स्टेशन रोड के व्यापारी ललित मोहन पांडेय, हरीश वर्मा का कहना है कि यहां की नाली से तीन दिन पहले मलबा हटाया गया था पर अब फिर से हालत बदतर हो गई है।
खड़ी बाजार के गणेश पुनेठा कहते हैं कि इस इलाके की नालियों में तो लंबे समय से सफाई ही नहीं की गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय का कहना है कि सभी नगर निकायों को विभिन्न एजेंसियों से समन्वय बनाकर नालियों और कॉजवे की निकासी को दुरुस्त करने को कहा गया है। इस काम की मॉनिटरिंग की जा रही है।
चंपावत जिले में इन नंबरों पर दें आपदा की सूचना
आपातकालीन जिला कंट्रोल रूम टॉल फ्री 1077
आपातकालीन जिला कंट्रोल रूम 05965230819
चंपावत कंट्रोल रूम 05965230023
लोहाघाट कंट्रोल रूम 05965234848
पाटी कंट्रोल रूम 05965240348
बाराकोट कंट्रोल रूम 05965237171
टनकपुर कंट्रोल रूम 05943266382
बनबसा कंट्रोल रूम 05943263717