टनकपुर (चंपावत)। नेपाल सीमा से सटे जंगल की सुरक्षा को लेकर वन विभाग गंभीर हो गया है। सीमा सील होने से जंगल की सुरक्षा पर गहराए संकट से निपटने के लिए अब हल्द्वानी वन प्रभाग शारदा के रास्ते गश्त पर जाने की योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए डीएफओ कुंदन कुमार ने शारदा रेंज से मोटर बोट का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए है। सोमवार को रेंज कार्यालय की ओर से डीएफओ को इस आशय का प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
हल्द्वानी वन प्रभाग की शारदा रेंज के जंगल का एक हिस्सा शारदा नदी के पार नेपाल सीमा से सटा है, जहां वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर जाती थी, लेकिन कोरोना संकट के कारण पिछले पांच माह से सीमा सील होने के कारण विभाग जंगल की गश्त नहीं कर पा रहा है। बता दें कि शारदा रेंज का शारदा टापू संख्या 58 से 62 तक के जंगल का कुछ हिस्सा नेपाल सीमा से लगा है। जहां सड़क के रास्ते गश्त पर जाने के लिए वन कर्मियों को नेपाल से होकर गुजरना होता है। जंगल का यह हिस्सा सीमा स्तंभ संख्या एक और दो के बीच पड़ता है। इन दिनों कोरोना संकट के कारण भारत-नेपाल सीमा पूर्णरूप से सील है, जिस कारण वन विभाग की टीम इस जंगल में गश्त पर नहीं जा पा रही है। इस समस्या को देखते हुए डीएफओ कुंदन कुमार ने शारदा रेेंज से नदी के रास्ते गश्त पर जाने के लिए मोटर वोट का प्रस्ताव भेजने को कहा है। वन क्षेत्राधिकारी महेश सिंह बिष्ट ने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर सोमवार को मोटर बोट का प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।