सीमावर्ती क्षेत्र विकास योजना (बीएडीपी) के अंतर्गत जिले के 5.07 करोड़ रुपये के कार्यों के प्रस्ताव को शासन को भेजा जाएगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कमेटी की बैठक में इन प्रस्तावों को 25 मई तक अंतिम रूप देने को कहा गया। योजना के तहत नेपाल सीमा से 10 किमी की दूरी तक के गांवों को शामिल किया गया है।
योजना के अंतर्गत चंपावत और लोहाघाट विकासखंड के गांवों में स्वास्थ्य सुधार के लिए एक्सरे मशीन, एंबुलेंस, मोबाइल वैन, दवाएं, आधारभूत ढांचे को बेहतर करने के अलावा तामली में आयुर्वेदिक अस्पताल भवन के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। 5 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, गोरलनाथ मंदिर, रौसाल, मटियानी आदि क्षेत्रों में सामुदायिक शौचालयों के प्रस्ताव, शिक्षा के क्षेत्र में पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, चहारदीवारी, शौचालय निर्माण आदि बनाने का प्रस्ताव दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्याम सुंदर पांगती, पुलिस अधीक्षक डीएस कुंवर, पीडी केएन तिवारी, डीडीओ वीके उपाध्याय, सीईओ आरसी आर्या, सभी खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।