लोहाघाट डाकघर में डंप पड़ी डाकें।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। डाकघर में अस्थायी तौर पर कार्यरत पोस्टमैन और रनर की सेवाएं समाप्त होने के चलते पिछले पांच दिनों से डाक वितरण का कार्य ठप पड़ा हुआ है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डाक निरीक्षक जेके भारती ने बताया कि डाक अधीक्षक पिथौरागढ़ के आदेश के बाद लोहाघाट डाकघर के अधीन आने वाले करीब 40 अस्थायी तौर पर कार्यरत पोस्टमैन, रनर की सेवाएं एक अक्तूबर को समाप्त कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि अस्थायी कर्मचारियों के हटने के बाद डाक के वितरण आदि कार्य में काफी परेशानियां हो रही हैं। कर्मचारियों की कमी के चलते रोज-रोज आने वाली डाकें डंप पड़ी हुई हैं। पोस्टमास्टर गौरव पांडेय का कहना है कि अस्थायी पोस्टमैन और रनर की सेवाएं समाप्त होने के चलते कार्य संचालन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। शाखा डाकघरों से डाक का आदान प्रदान नहीं हो पा रहा है, डाकों का वितरण नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण डाक सेवकों की सेवाएं समाप्त होने से आधार कार्ड बनाने के कार्य में असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में लगातार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है।