चंपावत। ब्लॉक चंपावत ब्लॉक की ग्राम पंचायत बिरगुल के महर पिनाना गांव के लोगों के लिए पांच किमी पैदल चलना मजबूरी है। दुर्गानगर से महर पिनाना तक 10 किमी सड़क स्वीकृत होने के बाद इसका निर्माण नहीं होने से ग्रामीण परेशान हैं। 10 वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने केवल पिलर निर्माण आदि का कार्य किया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए सर्वे, पेड़ों की गिनती, बिजली लाइन ट्रांसफर, नाप भूमि आदि कार्य किए गए। इसमें करीब 28 लाख रुपये खर्च किए गए। काम नहीं होने पर नाराज ग्रामीणों ने सड़क को दो वर्ष पूर्व पीएमजीएसवाई में शामिल करने की मांग की। स्वीकृति भी मिली। फिर वन विभाग, राजस्व और पीएमजीएसवाई ने संयुक्त सर्वेक्षण कार्य किया। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पांच किमी पैदल दुर्गानगर तक पहुंचना पड़ता है। इसके बाद वह वाहन से चंपावत मुख्यालय तक पहुंचते हैं। सबसे अधिक दिक्कत बीमार और बुजुर्गों को लाने ले जाने में होती है।
कोट
स्वीकृत सड़क के लिए पूर्व में लोनिवि ने सर्व कर लाखों खर्च किए लेकिन सड़क के नाम पर सिर्फ पिलर बनाए गए। अब पीएमजीएसवाई के पास यह सड़क है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। - खिलानंद जोशी
बुजुर्गों और गर्भवतियों के लिए सड़क तक पैदल आना आसान नहीं होता है। सड़क नहीं होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द सड़क निर्माण होना चाहिए। - भगीरथ जोशी, स्थानीय