सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिर में उमड़े श्रद्घालु।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत/लोहाघाट/टनकपुर। जिले के शिवालयों में सावन के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय के बालेश्वर, नागनाथ, डिप्टेश्वर, मानेश्वर, ताड़केश्वर, मल्लाडेश्वर, हरेश्वर, भागेश्वर, सप्तेश्वर, गोरलदेव, क्रांतेश्वर, हिंगलादेवी आदि मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई।
श्रद्धालुओं ने शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सावन के पहले सोमवार को लोहाघाट, पाटी, बाराकोट नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। सुबह से ही नगर के प्रसिद्ध ऋषेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का पूजा के लिए श्रद्धालुओं का आने क्रम शुरू हो गया। देवीधार, झूमाधुरी, गुमदेश के चौखाम बाबा, पंचेश्वर, रामेश्वर, वरदायनी, आदित्यमहादेव, भगवती मंदिर, बिशुंग के कड़ाई देवी मंदिर, गलचौड़ा बाबा, सिद्ध नरसिंह मंदिर, रेगडू् के शिव मंदिर, फटकशिला मंदिर, रमक के आदित्य सूर्य मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर, बाराहीधाम देवीधुरा आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा कर जलाभिषेक किया।
टनकपुर के पंचमुखी महादेव मंदिर, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर, सैलानीगोठ नईबस्ती शिवालय, ज्ञानखेड़ा शिवालय, छीनीगोठ शिवालय, बनबसा सैनिक छावनी स्थित शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा कर लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना की। (संवाद)