चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े स्वाला-बड़ोली गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे धौन-बड़ोली मोटर मार्ग के सुधारीकरण की प्रक्रिया एनपीसीसी विभाग ने तेज कर दी है। मार्च के अंतिम सप्ताह से डामरीकरण का कार्य शुरू होने के साथ ही अप्रैल तक ग्रामीणों को खराब सड़क से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।
6.5 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग की स्थिति दयनीय है। सड़क संकरी और जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से बड़े वाहनों का संचालन लंबे समय से ठप पड़ा है। विभाग की ओर से आपदा मद से स्वीकृत 58 लाख रुपये की राशि से डामरीकरण के साथ सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे। वर्तमान में सड़क पर अनुरक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
1000 से अधिक की आबादी को मिलेगा लाभ
सड़क मार्ग अवरुद्ध और जर्जर होने से क्षेत्र की एक हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों और आपातकालीन स्थिति में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब विभाग की इस सक्रियता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
कोट
धौन-बड़ोली सड़क के सुधारीकरण हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह से डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि अगले माह तक सड़क को पूरी तरह सुचारु कर जनता को समर्पित कर दिया जाए। - अभिषेक यादव, परियोजना प्रबंधक, एनपीसीसी