टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर में रोडवेज का छह दशक पुराना मंडलीय कार्यालय भवन जल्द ही इतिहास का हिस्सा बन जाएगा। इस जगह पर आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) बनाया जा रहा है। निगम का जीएम कार्यालय भी इसी परिसर में नए भवन में बनेगा। आईएसबीटी के लिए पुराने भवन का ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया है।
दो जिलों के तीन डिपो वाले रोडवेज के मंडलीय कार्यालय वाली जगह पर अब आईएसबीटी का निर्माण किया जा रहा है। इस साल 15 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका शिलान्यास किया था। 55.90 करोड़ रुपये की इस परियोजना को कार्यदायी एजेंसी सीएनडीएस फरवरी 2025 तक पूरा करेगी।
रोडवेज कार्यशाला, जीएम कार्यालय के अलावा जल निगम के स्टोर वाली जमीन के कुल 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में काम शुरू करने के साथ ही पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। वाहन फिटनेस धुलाई स्थल को तोड़ा जा रहा है। शेष अन्य भवनों को भी दिसंबर तक ध्वस्त कर दिया जाएगा। संवाद
इन भवनों का होना है ध्वस्तीकरण
जीएम कार्यालय, जनरल स्टोर, सीनियर फोरमैन कार्यालय, आर एंड डी सेक्शन, कार्यशाल, शेड, ओल्ड स्टोर, वॉशिंग एरिया शेड, पुराना स्टोर और जनरेटर कक्ष, पंप सेक्शन, एमटी स्टोर, रेडियेटर मरम्मत कक्ष, पेंटर कक्ष, टायर कक्ष, इलेक्ट्रिक कक्ष, कर्मचारी आवास, यूनियन कक्ष आदि।
यह भी जानें
15 जनवरी 2023: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईएसबीटी का शिलान्यास किया।
8 सितंबर 2023: आईएसबीटी का काम शुरू।
28 फरवरी 2025: कार्य पूरा होने की तिथि।
कोट
पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण की शुरुआत के साथ ही आईएसबीटी के निर्माण का काम भी शुरू हो गया है। भवनों को ध्वस्त करने से पूर्व रोडवेज कार्यालय के लिए परिसर के दूसरे छोर पर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। कुछ भवन को ठीक करवा रहे हैं और जरूरी हुआ तो कार्यालय संचालन के लिए कुछ अस्थायी निर्माण भी कराए जाएंगे। - पवन मेहरा, महाप्रबंधक, रोडवेज, टनकपुर।