चंपावत। जिला अस्पताल में स्क्रब टाइफस के मरीज सामने आ रहे हैं। अस्पताल में वायरल बुखार के 40 से अधिक मरीजों की जांच के बाद इस बीमारी की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि स्क्रब टाइफस में मरीज को बुखार आना स्वभाविक है। तेज बुखार, सिरदर्द, ठंड लगना, शरीर में दर्द होता है। मरीज को सूखी खांसी, शरीर पर दाने निकलना होते हैं। बताया कि स्क्रब टाइफस ओरिएंटिया त्सुत्सुगामुशी नामक बैक्टीरिया के कारण होने वाली गंभीर बीमारी है। स्क्रब टाइफस संक्रमित चिगर्स (लार्वा माइट्स) के काटने से इंसानों में फैलता है। इस रोग को बुश टाइफस के नाम से भी जाना जाता है। यदि समय पर इस रोग का इलाज न किया जाए तो यह जानलेवा भी हो सकता है। बताया कि बीमारी नियमित दवा लेने से सात से आठ दिन में ठीक हो जाती है।