फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंपावत में नकदी की किल्लत रही

Tue, 13 Dec 2016 09:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत
विज्ञापन
तीन दिन बाद बैंक खुलने से चंपावत एसबीआई में लगी लोगों की भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
तीन दिनों के अवकाश के बाद मंगलवार को बैंक खुले, पर लोगों को ज्यादा रकम नहीं मिल सकी। सुबह शुरुआत के दो घंटे बीएसएनएल की केबल कटने से काम नहीं हुआ। जब नेटवर्क ठीक हुआ तो लोगों को एसबीआई को छोड़ ज्यादातर बैंकों से 4 हजार से 10 हजार रुपए ही मिल पा रहे थे। एटीएम से भी लोगों को खास राहत नहीं मिल सकी। जो एटीएम काम कर रहे थे, उनमें 500 का नोट नहीं मिलने से 2000 रुपए ही मिल पा रहे थे। वहीं जिले के 40 एटीएम में से 18 में या तो रकम नहीं थी या वे ठीक नहीं थे।

करीब तीन सप्ताह पूर्व चंपावत को करीब 41 करोड़ रुपए मिले थे। इसमें से अब एक करोड़ रुपए भी नहीं बचा है। भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के मुख्य प्रबंधक हीरा सिंह पांगती का कहना है कि बैंक के पास फिलहाल काम चलाने को नकदी है। जरूरत वालों को अधिकतम 24 हजार रुपए दिए जा रहे हैं, मगर अन्य बैंकों में कैश की भारी कमी है। जिला सहकारी बैंक 4 हजार रुपए, श्रीरीठा साहिब के पंजाब एंड सिंध बैंक जरूरत के हिसाब से 2 हजार से 10 हजार रुपए तक दे रहा था। इसी तरह अन्य बैंक भी 10 हजार रुपए से कम ही देने की हालत में थे।
विज्ञापन


वहीं एटीएम से भी लोगों को नकदी के लिए परेशानी से जूझना पड़ा। लीड बैंक अधिकारी आनंद सिंह रावत ने बताया कि जिले में 40 एटीएम में से 22 से कैश निकल रहा है। चंपावत में यूको बैंक, यूनियन बैंक, पीएनबी के एटीएम काम नहीं कर रहे थे। जिले में आधार कार्ड के जरिए पांच कॉमन सर्विस सेंटर से भुगतान की सुविधा है, लेकिन इसमें भी दो से ही मामूली निकासी हो सकी।

लोहाघाट में 10 हजार रुपए मिल रहे 
 एसबीआई ने 10 हजार रुपए का भुगतान किया। शाखा प्रबंधक डमर सिंह पतियाल के अनुसार बैंक में उपलब्ध कैश के आधार पर उपभोक्ताओं को 10 हजार रुपए का भुगतान किया जा रहा है। वहीं पंजाब नेशनल बैंक में भी लोगों की भीड़ रही। शाखा प्रबंधक एचसी तिवारी ने बताया कि बैंक ने मंगलवार को करीब 10 लाख रुपए का भुगतान किया। बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, नैनीताल बैंक, अल्मोड़ा अर्बन बैंक, उत्तरांचल ग्रामीण बैंक में कैश की उपलब्धता के आधार पर उपभोक्ताओं को भुगतान किया गया। मंगलवार को नगर क्षेत्र में लगे अधिकांश एटीएम में कैश न होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। नगर के बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक में ताले लटके रहे, जबकि डाक बंगला रोड स्थित एसबीआई के एटीएम से सुबह कुछ समय कैश निकला। खेतीखान के एसबीआई के एटीएम बंद होने से लोगों को परेशानियां हो रही हैं।


नई करेंसी कल तक पहुंचेगी 
चंपावत। चंपावत में करेंसी की दिक्कत बढ़ रही है, मगर बैंक अधिकारियों का कहना है कि अगले दो दिन में नकदी का संकट कम हो जाएगा। लीड बैंक अधिकारी आनंद सिंह रावत का कहना है कि यहां 20 करोड़ रुपए से अधिक की रकम अगले दो दिन में पहुंच जाएगी। इसमें 500 रुपए के नए नोट भी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
विज्ञापन


चंपावत वालों को पेट्रोल में रियायत का लाभ नहीं
 पेट्रोल एवं डीजल स्वाइप मशीन के जरिए लेने से 0.75 प्रतिशत का लाभ ग्राहक को हो रहा है, मगर चंपावत में ये सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह दोनों पेट्रोल पंपों में स्वाइप मशीन की उपलब्धता न होना है। दोनों पंपों ने मशीन के लिए पिछले माह आवेदन किया था, पर ये मशीनें उन्हें नहीं मिली। इस वजह से ग्राहक को 70.50 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल में 52 पैसे एवं 56.98 रुपए डीजल में 42 पैसे की छूट नहीं मिल पा रही है। पेट्रोल पंप विक्रेता मनोज भट्ट का कहना है कि स्वाइप मशीन नहीं होने से ग्राहक को छूट का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्यादातर ग्राहक 2000 रुपए का नोट दे रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस करने के लिए छोटे नोट नहीं होने से दिक्कत आ रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें