लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग जोर पकड़ने लगी है। पालिका के निवर्तमान बोर्ड और जन प्रतिनिधियों ने देहरादून जाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मरीजों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए अस्पताल में जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की।
निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में सीएम धामी से मिले शिष्टमंडल ने उप जिला अस्पताल की बदहाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने से यह अस्पताल मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गया है। कहा कि अस्पताल में लंबे समय से स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन, जनरल सर्जन, ईएनटी सर्जन आदि विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उप जिला अस्पताल तीन ब्लाॅक लोहाघाट, बाराकोट और पाटी का केंद्र बिंदु है। इन सभी स्थानों से प्रतिदिन करीब 350 मरीज उपचार के लिए आते हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष एलएम कुंवर, निवर्तमान सभासद राजकिशोर साह, दीपक साह, बीना कन्नौजिया, दीपा गोस्वामी, मीना ढेक, भुवन बहादुर, नवीन नाथ मौजूद रहे।