चंपावत। मौसम खराब होने के कारण दो दिन तक एक-एक शिफ्ट में हेलिकॉप्टर नहीं आया। परेशान यात्रियों को टैक्सी या रोडवेज बस से हल्द्वानी का सफर करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को हेलिकॉप्टर सुबह की शिफ्ट में आया लेकिन शाम को मौसम खराब होने के चलते नहीं पहुंच सका। ऐसे में हेली का इंतजार कर रहे यात्रियों को टैक्सी से हल्द्वानी जाना पड़ा। इसी तरह रविवार को भी हेलिकॉप्टर सुबह मौसम खराब होने के कारण सुबह की शिफ्ट में नहीं आ पाया। मौसम साफ होने पर शाम करीब चार बजे के आसपास हेलिकॉप्टर पहुंचा।
चंपावत से हल्द्वानी के लिए फरवरी 2024 में हेरिटेज एविएशन की हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हुई थी। हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से यात्रियों के लिए हल्द्वानी का घंटों का सफर मिनटों में तब्दील हो गया। हेरिटेज एविएशन के एलडी भट्ट ने बताया कि नियमित रूप से हेलिकॉप्टर सुबह और शाम की शिफ्ट में संचालित होता है। शनिवार और रविवार को मौसम खराब होने के चलते एक-एक शिफ्ट में हेलिकॉप्टर आया।