शिक्षा विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन ने बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए अनावश्यक रूप से अनुसेवकों की रात्रि ड्यूटी लगाने का विरोध किया है। संगठन की शुक्रवार को हुई आपात बैठक में अनुसेवकों ने बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों की चौकीदारी नहीं करने का निर्णय लिया है।
कैलाश सिंह मेहता की अध्यक्षता और केशर सिंह फर्त्याल के संचालन में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष का कहना था कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निदेशक विद्यालयी शिक्षा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार चौकीदारी का कार्य विद्यालय प्रबंधन समितियों के स्तर से किए जाने की व्यवस्था है, लेकिन कतिपय संस्थाध्यक्ष और प्रधानाचार्य अनावश्यक रूप से अनुसेवक से रात्रि चौकीदार का कार्य ले रहे हैं। स्पष्ट किया गया कि बोर्ड परीक्षा की आड़ में कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मनमानी किए जाने पर सामूहिक रूप से बोर्ड परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। भुवन चंद्र पांडेय, नवीन सिंह नेगी, गणेश लाल वर्मा, कैलाश चंद्र कलौनी, दिनेश चंद्र, दीवान मेहता, दान सिंह, पुष्कर नाथ, पूरन सिंह, कलावती ओली, भुवन जोशी, दयाल सिंह, नारायण राम आदि ने बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में पुलिस तैनात करने की मांग उठाई।