चंपावत। नगर के गोरलचौड़ मैदान में आयोजित गोल्ज्यू महोत्सव के तहत चल रहे व्यापारिक मेले में अब कारोबार ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को मेले में अब तक करीब सात लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। रात करीब साढ़े नौ बजे तक खरीदारों की भीड़ दुकानों पर जुटी रही।
मेले में लोगों ने घरेलू उपयोग के सामानों की जमकर खरीदारी की। टब, बाल्टी, कंडी, साड़ियां, चप्पल, बच्चों के कपड़े, पर्दे, चादर और तकिया कवर की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। नगर क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने भी जरूरत के हिसाब से सामान खरीदा। बाजार से कम कीमत पर सामान मिलने से खरीदार संतुष्ट नजर आए।
व्यापारिक मेले में करीब 300 दुकानें लगी हैं। इनमें से लगभग 200 दुकानदारों के चेहरे अच्छे कारोबार से खिले नजर आए। करीब 100 कारोबारी अंतिम दिन बेहतर बिक्री की उम्मीद लगाए हुए हैं। कुछ व्यापारियों का कहना था कि यदि मेला एक दिन और बढ़ जाता तो वे बचा हुआ सामान सस्ते दामों पर बेचकर लौट जाते।
शराब पीने वालों के हुड़दंग से परेशानी
कई कारोबारियों ने मेले में रात के समय शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले लोगों से खतरे की आशंका जताई है। व्यापारियों का कहना है कि असुरक्षा की भावना के कारण उन्हें समय से पहले दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं।
गोरलचौड़ मैदान में आयोजित गोल्ज्यू महोत्सव के तहत चल रहे व्यापारिक मेले में अच्छा रिस्पांस रहा। अब मेले की अवधि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
-भरत त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका