चंपावत। जिले के स्वाला क्षेत्र में दो माह से रसोई गैस सिलिंडर का वाहन नहीं पहुंचने से लोग परेशान हैं। किसी की गैस खत्म हो गई तो किसी की खत्म होने के कगार पर है। कई लोग गैस खत्म होने के बाद लकड़ी जलाकर खाना बनाने के लिए मजबूर हैं।
ग्रामीण लोकमणी, जगदीश चंद्र, चौड़ामणी, पूरन चंद्र आदि ने बताया कि दो माह से गैस का वाहन नहीं आया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर एक बार गैस सिलिंडर मिल जाता तो बड़ी राहत मिलती। लोगों ने बताया कि प्राइमरी स्कूल स्वाला का भी सिलिंडर खत्म हो गया है। लकड़ी जलाकर खाना बनाया जा रहा है। लोगों ने एक दुकान पर सिलिंडर इस इंतजार में रखे हैं कि किसी दिन तो स्वाला में भी गैस की गाड़ी आएगी और सिलिंडर दिए जाएंगे। लोगों ने कहा कि अगर जल्द ही क्षेत्र में गैस वितरण नहीं किया गया तो वे लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इधर, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि जल्द ही स्वाला में गैस का वितरण किया जाएगा। संवाद