शारदा के उफान से धसकर एक तरफ झुका नवनिर्मित शवदाह गृह।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर में रविवार को दूसरे दिन भी शारदा उफान पर रही। पानी स्नानघाट के ऊपर से बह रहा है। तेज जल प्रवाह से घाट में बना नवनिर्मित शवदाह गृह उपयोग से पहले ही धराशायी होने के कगार पर पहुंच गया है। इससे शवदाह गृह की गुणवत्ता और तकनीक पर सवाल उठने लगे हैं। नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट बना हुआ है। इधर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने स्नानघाट का दौरा कर शारदा के जल स्तर से बढ़ते खतरे का जायजा लेकर सुरक्षा के उचित निर्देश दिए हैं।
वर्ष 2013 में स्नानघाट और शवदाह गृह शारदा के उफान से ध्वस्त होने के बाद दो साल पूर्व ही 737.38 लाख रूपये की लागत से नए स्नानघाट के साथ ही शवदाह गृह भी बनाया गया है, लेकिन उसका उपयोग अभी शुरू भी नहीं हुआ था कि शारदा के उफान ने उसकी बुनियाद हिलानी शुरू कर दी है। धंसाव के कारण शवदाह गृह की छत एक तरफ झुक गई है। जिससे निर्माण की गुणवत्ता और तकनीक पर सवाल उठ रहे हैं। रविवार की सुबह पालिकाध्यक्ष ने सभासदों की टीम के साथ स्नानघाट और शवदाह गृह का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग और प्रशासन से स्नानघाट में सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है। इस मौके पर सभासद हसीब अहमद, नगर पालिका के जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा आदि मौजूद थे।
कोट.....
नवनिर्मित शवदाह गृह का निर्माण सुरक्षित तकनीकि और गुणवत्ता के साथ किया गया था, लेकिन बजट नहीं मिलने के कारण उसकी सुरक्षा के उपाय नहीं हो पाए। शारदा का जल स्तर काफी बढ़ने और शवदाह गृह के बुनियाद के नीचे कटाव होने से यह स्थिति पैदा हुई है। डीसी कांडपाल, एसडीओ सिंचाई विभाग, टनकपुर।