सदस्यों को संबोधित करते टैक्सी यूनियन कुमाऊं महासंघ अध्यक्ष शंकर सिंह बिष्ट। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टैक्सी यूनियन कुमाऊं महासंघ के अध्यक्ष शंकर सिंह बिष्ट ने कहा कि टैक्सी महासंघ की ओर से गढ़वाल की चारधाम यात्रा की तर्ज पर कुमाऊं यात्रा का प्रारूप तैयार किया जा रहा है जिससे कुमाऊं क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को यहां के सभी पर्यटन स्थलों का भ्रमण करा आय का स्रोत बनाए जाएंगे। उन्होंने टैक्सी स्वामियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। कहा कि संगठन समस्याओं के निदान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलेगा।
इससे पहले महासंघ के पदाधिकारियों का यहां पहुंचने पर टनकपुर पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद टैक्सी यूनियन के निकट टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन कुमार की अध्यक्षता और जनार्दन भट्ट के संचालन में बैठक हुई जिसमें मुख्य अतिथि बिष्ट ने कहा कि वाहनों में फिटनेस प्रक्रिया को सरल बनाने, डीजल से चलने वाले दस वर्ष से अधिक के वाहनों को हटाने पर रोक लगाने, पुरानी गाड़ियों का परमिट खत्म करने संबंधी सरकार के निर्णय पर महासंघ का शिष्टमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से वार्ता करेगा। उन्होंने पूर्णगिरि टैक्सी यूनियन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए टैक्सी चालकों और स्वामियों के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में कुमाऊं महासंघ के सचिव नवल किशोर उपाध्याय, ललित भट्ट, कामरान कुरैशी, भरत भूषण, डीडीहाट टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दीवान सिंह शाही, अल्मोड़ा के महासचिव नीरज पंवार, थल के यूनियन अध्यक्ष बबलू सामंत, पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन के संरक्षक केएन पांडे, लक्ष्मण सिंह पाटनी, उपाध्यक्ष राजू धामी, सचिव दीपक जोशी, महासचिव नारायण गैंड़ा, कोषाध्यक्ष विकास सिंह आदि मौजूद थे।