चंपावत। डीएम विनीत तोमर ने कहा कि कोविड की जंग को जीतने के लिए कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करने के साथ ही टीकाकरण बेहद जरूरी है। कोविड से बचाव के लिए टीका लगाने के लिए आगे आने की आम नागरिकों से अपील की गई। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से 44 वर्ष के पहली मई से शुरू टीकाकरण को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा। इस आयु वर्ग के जिले के 1.23 लाख लोगों को 30 जून तक पहली डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जरूरत के हिसाब से मौजूदा 25 टीकाकरण केंद्रों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। साथ ही 45 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण भी जारी रहेगा।
डीएम तोमर ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की कतई कमी नहीं है। ऑक्सीजनयुक्त 141 बेडों को मिलाकर जिले में 298 ऑक्सीजन सिलिंडर हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए दूसरे जिले या दूसरे राज्यों से आने वाले सभी प्रवासियों का जगबुड़ा सहित जिले के सभी प्रवेशद्वारों पर अनिवार्य रूप से परीक्षण करने के साथ ही होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने कहा कि टीकाकरण केंद्रों में सामाजिक दूरी बनाने के साथ ही कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन कराने के लिए हर केंद्र पर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने कहा कि इस वक्त जिले में टीकों की 12140 डोज है। वार्ता में एडीएम टीएस मर्तोलिया और डीडीएमओ मनोज पांडेय भी मौजूद थे।