पहले दिन 50 हजार भक्तों ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन
- फोटो : अमर उजाला
शारदीय नवरात्र शुरू होते ही उत्तर भारत के सुविख्यात मां श्री पूर्णागिरि धाम में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है। शनिवार को प्रथम नवरात्र पर करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नवरात्र की पूर्व संध्या यानि शुक्रवार से ही मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए भक्त पूर्णागिरि धाम पहुंचने लगे थे। भीड़ नियंत्रित करने के लिए मुख्य मंदिर से पूर्व तीन स्थानों पर बैरिकेटिंग कर कुछ देर के लिए यात्रियों को रोकना पड़ा। सुरक्षा के लिए पूर्णागिरि क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है, लेकिन भीड़ के आगे तैनात फोर्स नाकाफी साबित हुआ।
फोर्स की कमी और दर्शन के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से यात्रियों को धक्का-मुक्की तथा अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा। तहसीलदार रमेश चंद्र गौतम, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल वीसी शर्मा सुबह से ही व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे। सीओ ने बताया कि सुरक्षा के लिए जिले का अतिरिक्त फोर्स तैनात है।
ठुलीगाड़ में बनबसा थानाध्यक्ष विनोद यादव के अलावा उप निरीक्षक जगत सिंह सामंत, बीआर पौरी और लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। नवरात्र के मद्देनजर टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में भी सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा शारदा स्नानघाट, बूम स्नानघाट और बनबसा बैराज स्नानघाट में तैराक पुलिस तैनात की गई है। फोर्स को यात्रियों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए गए हैं।