14 किलोमीटर की एक सड़क से तल्लादेश क्षेत्र की दुनिया बदल जाएगी। विकास की नई राह खुलेगी। टनकपुर-जौलजीबी (टीजे) सड़क के रूपालीगाड़ वाले बिंदु से तामली को जोड़ने वाली तल्लादेश की यह सड़क 2025 तक मिल जाएगी। सड़क बनने के बाद तल्लादेश क्षेत्र के लोगों की मैदानी क्षेत्र टनकपुर से दूरी 61 किमी कम हो जाएगी। इससे तल्लादेश की 18 ग्राम पंचायतों के 9915 लोगों को लाभ होगा।
तल्लादेश के तामली के टीजे रोड से जोड़ने के लिए पिछले साल जुलाई में शासनादेश हुआ था। 151.06 लाख रुपये के आगणन के बाद सर्वेक्षण की प्रक्रिया चल रही है। सर्वे के अंतर्गत घाट ट्रैसिंग, भूगर्भीय सर्वेक्षण, समरेखन प्रस्ताव, संदर्भ पिलर आदि को अंतिम रूप दिया जाएगा। टीजे रोड के रूपालीगाड़ वाले बिंदु से तामली को जोड़े जाने से इन ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा बढ़ने के साथ विकास में भी तेजी आएगी। प्रारंभिक सर्वेक्षण का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।
चंपावत बगैर पहुंच सकेंगे टनकपुर
तामली से रूपालीगाड़ तक 14 किमी के इस हिस्से के मिलान से तामली से टनकपुर की दूरी महज 66 किमी रह जाएगी। ये दूरी चंपावत होते हुए 127 किमी है। नई सड़क बनने से टनकपुर जाने के लिए तल्लादेश के लोगों को चंपावत नहीं आना होगा। लाभांवित होने वाली सीमांत की 18 ग्राम पंचायतें: पोलप, तामली, कारी, सिमियाउरी, निनौड़ी, रियासी बमनगांव, रमैला, सौराई, बकोड़ा, हरम, दुबड़ जैनल, मंच, गुरखोलीगूंठ, रूइया कफल्टा, कफल्टा मल्ला, आमनी और बचकोट। तल्लादेश को होंगे ये फायदें: 1.मैदानी क्षेत्र टनकपुर की दूरी में 61 किमी कमी आएगी। 2.आवाजाही में ढाई घंटे कम लगेंगे। 3.तल्लादेश से टनकपुर के किराये में 40 प्रतिशत की कमी आएगी। 4.तल्लादेश क्षेत्र की जमीन की कीमत बढ़ेगी। 5.बरसात या किसी वजह से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की दशा में टनकपुर से चंपावत तक वैकल्पिक रूट भी।
तामली से रूपालीगाड़ तक सड़क की कटिंग के लिए समरेखन पूरा हो गया है। वन विभाग के साथ संयुक्त सर्वे करने के बाद वन अनापत्ति की पत्रावली तैयार की जा रही है।
-बीसी पंत, ईई, चंपावत।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: समुदाय विशेष के खिलाफ उत्तरकाशी में जगह-जगह विरोध, बीजेपी नेता ने भी परिवार सहित छोड़ा शहर
सीमा से लगे चंपावत ब्लॉक के तल्लादेश क्षेत्र के लोगों के लिए विकास के नए द्वार खुलेंगे। खेती के उत्पादों को किफायत में मैदान पहुंचाया जा सकेगा।
- प्रहलाद सिंह उरियाल, ग्रामीण।
तामली से रूपालीगाड़ की सड़क तल्लादेश क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं लाएगी। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था में सुधार से लेकर आधारभूत सुविधा सशक्त होगा।
- विपिन जोशी, ग्रामीण।