यातायात व्यवस्था सुधारने में पुलिस की तमाम कवायद नाकाम साबित हो रही हैं। खेतीखान रोड के नो पार्किंग जोन में धड़ल्ले से वाहन खड़े किए गए।
पुलिस ने टैक्सी संचालकों और व्यापारियों के साथ शनिवार और रविवार को लगातार दो दिन मंत्रणा कर यातायात व्यवस्था को ठीक करने के दावे किए। मगर इन बैठकों में लिए गए निर्णयों को जमीन पर उतार पाने में पुलिस नाकाम साबित हुई। मोटर स्टेशन रोड पर भी वाहनों के बेतरतीब खड़े होने का सिलसिला बना रहा।
खेतीखान रोड को नो पार्किंग जोन बनाए जाने के बावजूद इस नियम को लागू नहीं कराया जा सका। इससे व्यस्ततम और संकरे मार्ग पर आवाजाही भी कई बार बाधित होती रही। उधर, पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। नियमों को तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
स्टेंड पर नहीं पहुंची टैक्सियां
टैक्सियों को स्टेंड में खड़ा किया जाना था। आदेश के बावजूद टैक्सी स्टेंड पर सन्नाटा पसरा रहा। एक भी टैक्सी यहां नहीं खड़ी की गई। कई लाख रुपये की लागत से बने इस टैक्सी स्टेंड का पांच अगस्त-2012 को उद्घाटन हुआ था। मगर इसका उपयोग आज तक नहीं हो सका। भैरवां तिराहे के किनारे खाली पड़ी जमीन पर टैक्सियां पार्क की जा रही हैं।