टनकपुर (चंपावत)। प्लेटफार्म के दूसरे छोर से पानी लेकर आ रहे हरदोई के एक यात्री की ट्रेन के कटकर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हरदोई जिले के ग्राम साहबाद थाना माधोगंज यूपी निवासी शिवेंद्र सिंह (35) पुत्र स्व. दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी रेखा सिंह, पुत्री रागिनी (7), पुत्र आकाश (4) के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आया था। रविवार को दर्शन करने के बाद वह घर लौटने के लिए सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन में ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
वह प्लेटफार्म के दूसरी छोर से बच्चों के लिए बोतल में पानी भर कर ला रहा था कि इसी बीच ऐशबाग से पहुंची नैनीताल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। उसके शरीर के दो टुकड़े हो गए थे। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लिया। पति की मौत से मृतक की पत्नी रेखा सदमे में है। बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि सूचना के बाद शिवेंद्र के रिश्तेदार भी टनकपुर पहुंच गए थे।