चंपावत। मां पूर्णागिरि धाम को जोड़ने वाले मोटर मार्ग का बाटनागाड़ में जल्द कायाकल्प होगा, इससे मां पूर्णागिरि धाम को जाने वाले यात्रियों को यात्रा में राहत मिलेगी। जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। फिलहाल मार्ग को यात्रियों की सुविधा के लिए बदला गया है।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग मां पूर्णागिरि धाम को जोड़ने वाले मार्ग में 47 लाख की लागत से सड़क मार्ग का बाटनागाड़ में सुधारीकरण कार्य कराएगा। बरसात के दिनों में पूर्णागिरि धाम को जोड़ने वाला यह मार्ग बाटनागाड़ में बंद हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। बीते वर्ष कई दिनों तक यहां पर मार्ग यातायात के लिए बंद था। फिलहाल विभाग की ओर से मार्ग के सुधारीकरण के साथ अन्य कार्य कराए जाने हैं। निर्माण के बाद धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलेगी। बता दें कि हर वर्ष मां पूर्णागिरि धाम में उत्तर भारत का सबसे लंबी अवधि तक लगने वाले मेले का आयोजन होता है, इसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
विभाग की ओर से 47 लाख रुपये की लागत से बांटनागाड़ में सड़क सुधारीकरण और अन्य निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करने के बाद यात्रियों को यातायात में सुविधा दी जाएगी।
एमसी पलड़िया, ईई प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग