वालिक-पंचेश्वर मोटर मार्ग में होने वाले डामरीकरण के िएल लोहाघाट के ठांटा के पास लगा हॉटमिक्स प
लोहाघाट (चंपावत)। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट के लोगों को सुगम यातायात की सौगात दी है। बगवाल मेले के लिए प्रसिद्ध वाराही धाम देवीधुरा के वालिक से लेकर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा में पंचेश्वर तक मार्ग पर हॉट मिक्स के लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है।
93 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग पर एक सप्ताह के भीतर इस मार्ग पर हॉट मिक्स का कार्य शुरू हो जाएगा। लंबे समय से मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स की मांग उठती आ रही थी। सड़क की हालत ठीक न होने के चलते लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से विश्व प्रसिद्ध वाराही धाम देवीधुरा के दर्शन के लिए सालभर जहां श्रद्धालु आते रहते हैं वहीं भारत-नेपाल सीमा पर पंचेश्वर स्थित सरयू और महाकाली नदी के संगम में एंगलिंग के लिए देश-विदेश से एंगुलर भी पहुंचते हैं।
जिले के इन दोनों प्रमुख तीर्थ और पर्यटक स्थलों तक आने में पर्यटकों और लोगों को जर्जर सड़क के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क के हॉट मिक्स होने के बाद यहां की यात्रा काफी सुगम हो जाएगी। लोक निमार्ण विभाग की ओर से होने वाले हॉट मिक्स के लिए प्लांट लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है।
इनका कहना
वालिक से लेकर पंचेश्वर तक 93 किमी लंबे मार्ग पर हॉट मिक्स का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगा। इसके लिए ठांटा के पास हॉट मिक्स प्लांट लगाने का कार्य चल रहा है। शासन की ओर से हॉट मिक्स के लिए 33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जून माह तक पूरे मोटर मार्ग में हॉट मिक्स का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। - हितेश कांडपाल, ईई लोनिवि लोहाघाट
वालिक पंचेश्वर मोटर मार्ग को हाॅट मिक्स से पक्का करने की सीएम धामी की सराहनीय पहल है। हॉट मिक्स से सड़क पक्की होने पर जहां लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी वहीं लोगों के समय की बचत होगी। लंबे समय से लोग सड़क को हॉट मिक्स से पक्का करने की मांग उठा रहे थे जल्द ही उनकी मांग पूरी होगी। - योगेश मेहता, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख लोहाघाट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लोगों की मांग को पूरा कर सड़क को हॉट मिक्स करने का तोहफा दिया है। मोटर मार्ग के हॉट मिक्स से पक्का होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में काफी लाभ मिलेगा। - मोहित पाठक, ग्राम प्रधान ठांटा