टनकपुर-चंपावत राजमार्ग में आठवें मील के पास आया मलवा हटाती जेसीबी मशीनें।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चपावत राजमार्ग पर आठवें मील के पास अचानक पहाड़ी से आए मलबे की चपेट में आने से एक कैंटर गहरी खाई में जा गिरा। मलबा आते ही चालक और क्लीनर ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर जान बचाई। उन्हें हल्की चोट आई है। सड़क पर आए मलबे के कारण यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
शुक्रवार की सुबह कैंटर संख्या यूके 03 सीए/0516 नोएडा से बिस्किट लेकर लोहाघाट जा रहा था कि आठवें मील के पास अचानक पहाड़ी से काफी मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से कैंटर करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरा। बताया गया कि कैंटर के खाई में गिरने से पहले ही चालक और क्लीनर ने कूदकर जान बचाई। इस दौरान दोनों को मामूली चोट आई है। सूचना पर कार्यदायी ठेकेदार कंपनी ने जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर मार्ग सुचारु किया। संवाद
मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधे घंटे बंद रहा यातायात
चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरूबैंड के पास बिना बारिश के ही मलबा आने से मार्ग करीब आधे घंटे बंद रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कार्यदायी संस्था ने जेसीबी के जरिये मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया। संवाद