पाटी/चंपावत। कानाकोट राजकीय आदर्श उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में बिना सूचना के विद्यालय की चहारदीवारी और प्रवेश द्वार को ध्वस्त किए जाने पर प्रधानाध्यापक ने खंड शिक्षाधिकारी, एसडीएम और पुलिस को ज्ञापन भेज कर जांच की मांग की है।
ग्राम पंचायत कानाकोट के प्रमुख सदस्यों ने विद्यालय परिसर से सड़क ले जाने के लिए बिना किसी विभागीय लिखित सूचना और बगैर एनओसी के विद्यालय का प्रवेश और चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। 24 जुलाई को संबंधित लोगों को विभागीय आदेश की अनुमति प्रदान करने का सुझाव दिया गया था। इसके बाद भी बिना अनुमति के बृहस्पतिवार सुबह विद्यालय की चहारदीवारी और प्रवेश द्वार को ध्वस्त कर दिया गया। कनाकोट विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कर्नाटक ने मामले में उचित कार्रवाई करने के साथ ही विद्यालय के ध्वस्त कार्य पूर्ववत बनाने की मांग की है।
वहीं खंड शिक्षाधिकारी भारत जोशी ने कहा कि बिना सूचना के कानाकोट विद्यालय में ध्वस्तीकरण मामले को लेकर पाटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।