लोहाघाट (चंपावत)। तीन दिन से लापता युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर से करीब 12 किमी दूर पाटी ब्लाॅक के पोखरी धूनाघाट के जंगल के पास झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस और फोरेंसिक टीमें मामले की जांच कर रही हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई सैंपल भी लिए।
लोहाघाट थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि सचिन माहरा (25) पुत्र प्रेम सिंह निवासी जनकांडे 27 मार्च की शाम को बाइक लेकर घर से कहीं चला गया था। देर रात तक युवक जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों से आसपास और रिश्तेदारी में खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने 28 मार्च को पाटी थाने में सचिन की गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार को धूनाघाट पोखरी के पास सड़क से करीब 100 मीटर नीचे झाड़ियों बाइक और सचिन का शव पड़ा मिला।
लोगों की सूचना पर पहुंची लोहाघाट और पाटी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चलेगा। इधर गांव के अशोक सिंह माहरा ने बताया कि तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का सचिन गुरुग्राम (हरियाणा) के पास बेकरी में काम करता था। वह होली के दौरान घर आया था। एसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस टीम कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। संवाद