टनकपुर (चंपावत)। शारदा घाट क्षेत्र में संदिग्ध हालात में एक युवक का शव नाली में पड़ा मिला। पुलिस ननेशव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सीओ ने भी मौका मुआयना किया। सीओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज जांचे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे शारदा घाट रोड पर नाले में वार्ड संख्या एक शारदा चुंगी निवासी अभिषेक गिरि (22) पुत्र राकेश गिरि के पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अभिषेक अविवाहित था। परिवार में बड़ी बहन प्रियंका, छोटा भाई प्रियांशु है। उसके पिता राकेश गिरि लालकुआं में डंपर चलाते हैं।
भाई प्रियांशु ने बताया कि उसका भाई पहले टुक-टुक चलाता था लेकिन पूर्णागिरि मेले के चलते करीब 25 दिन से पूर्णागिरि मार्ग पर मैक्स वाहन के चालक सचिन के साथ हेल्पर का कार्य कर रहा था। वह मैक्स वाहन चालक के साथ मंगलवार को नानकमत्ता गया था। मंगलवार सुबह 11 बजे अभिषेक की पिता से फोन पर बात हुई थी, उसके बाद से उसका किसी से संपर्क नहीं हुआ था। सीओ के अनुसार मैक्स चालक सचिन ने बताया कि नानकमत्ता से शाम सात बजे वह टनकपुर आ गए थे। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सघन जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है।