टनकपुर-चंपावत राजमार्ग पर बेलखेत के पास नशे में धुत्त होकर कैंटर चला रहे एक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार शिक्षा विभाग के दो लिपिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ने सड़क किनारे खड़े एक कैंटर में भी टक्कर मारी है, जिससे कैंटर में बैठा एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। चल्थी चौकी की पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चौकी इंचार्ज ने चालक के नशे में होने की पुष्टि करते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है।
चंपावत में मुख्य शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में तैनात मल्ली मादली चंपावत निवासी देवेंद्र पांडेय (33) पुत्र बृजमोहन पांडेय और तामली इंटर कालेज के लिपिक बग्गाचौवन खटीमा निवासी रजत सिंह पोखरिया (22) पुत्र कमान सिंह पोखरिया बाइक से चंपावत को जा रहे थे कि बेलखेत के समीप विपरीत दिशा से आए कैंटर संख्या यूके 03 सीए/0516 ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक चालक हेलमेट पहने था। दुर्घटना स्थल से भागने के चक्कर में हड़बड़ाहट में कैंटर चालक ने थोड़ी दूर जाकर पल्ली चल्थी के पास सड़क किनारे खड़े एक कैंटर को टक्कर मार दी, जिससे कैंटर में बैठा फकीर सिंह (62) नाम युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर चल्थी चौकी इंचार्ज विनोद जोशी ने मौके में पहुंच कैंटर को कब्जे में ले अमोड़ी निवासी चालक सुरेश भट्ट पुत्र बलवीर भट्ट को गिरफ्तार लिया है।