चंपावत कलक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा करते जिले के प्रभारी सचिव विजय कुमार यादव। संवाद
चंपावत। गन्ना विकास, कौशल विकास सचिव और जिले के प्रभारी सचिव विजय कुमार यादव ने शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की। सचिव ने कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर पंहुचे और उनका लाभ आम जनता तक समय पर मिले, इसके लिए अधिकारी प्रत्येक योजना में शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करें।
सचिव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण हो गए हैं वहां टीम भेजकर सर्वे किया जाए ताकि वहां सभी परिवारों को पेयजल उपलब्ध हो रहा है अथवा नहीं ज्ञात हो सके। सचिव ने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में पानी की बचत के साथ ही अधिक मजबूती के मद्देनजर गूल निर्माण के स्थान पर प्लास्टिक पाइप (एचडीपीसी) का उपयोग किया जाए। उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम के लिए पिरूल के उत्पाद तैयार करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण दिए जाने पर जोर दिया। सचिव ने उद्यान, कृषि, पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रत्येक उत्पाद के क्षेत्र में जिले को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने डीएम, सीडीओ को निर्देश दिये कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई समस्याएं आ रही है तो शासन को अवगत कराएं ताकि उनका समाधान निकाला जा सके। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने सचिव को जिले की विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी। बैठक में एसपी देवेंद्र पींचा, डीएफओ आरसी कांडपाल, सीडीओ आरएस रावत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ.केके अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।