चंपावत। जिला मुख्यालय में संयुक्त सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के आदेश पर तहसीलदार हरीश नाथ गोस्वामी के नेतृत्व में राजस्व और प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक पुष्कर नाथ, राजस्व उपनिरीक्षक चंद्रशेखर पंत, सहायक अभियंता सौरभ चंद और कनिष्ठ अभियंता अल्का की मौजूदगी में तल्ली मादली क्षेत्र में दो अनधिकृत निर्माणों को सील किया गया। जांच के दौरान मदन सिंह और कमल सिंह की ओर से जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत किए निर्माण कार्य किया जा रहा था।
पूर्व में प्राधिकरण की ओर से दोनों को निर्माण कार्य रोकने के नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी बिना स्वीकृति किए गए निर्माणों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।