मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन के बाद नवागत एसडीएम सुंदर सिंह को चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद देते मंदिर ?
- फोटो : TANAKPUR
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। टनकपुर के एसडीएम सुंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को मां पूर्णागिरि देवी के दर्शन किए। उन्होंने 31 दिसंबर और पहली जनवरी 2023 को होने वाले मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति से मंत्रणा की। दर्शन के बाद पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी और अन्य पंडितों ने एसडीएम को चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया।
वर्ष 2023 का सरकारी मेला होली बाद 9 मार्च से 9 जून तक चलेगा। वहीं तीन महीने के इस मेले से पहले 31 दिसंबर से दो दिन तक होने वाली भीड़ के मद्देनजर व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। 31 दिसंबर को 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मंदिर में आते हैं। इसके लेकर मंदिर समिति ने दो दिन मेले के दौरान सफाई, स्वास्थ्य, पार्किंग, पेयजल, बिजली आदि व्यवस्थाओं को सुचारु करने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया।
साथ ही पर्याप्त संख्या में टैक्सी-जीपों के संचालन का आग्रह किया। पंडित तिवारी ने कहा कि मेले की व्यवस्था में स्वयंसेवक भी मदद करेंगे। एसडीएम ने कहा कि मेले की सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त किया जाएगा। इस मौके पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पंडित नीरज पांडेय, कार्यालय प्रभारी संजय तिवारी, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे।