बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र से हुई कार चोरी के मामले में पुलिस ने खटीमा निवासी कमलजीत सिंह को कार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। बताया गया कि रविवार को वह धनुषपुल के रास्ते गढ़ीगोठ होते हुए कार को नेपाल में बेचने के लिए ले जाने वाला था। मामले की जांच एसआई केसी जोशी को सौंपी गई है।
चंदनी निवासी राजेंद्र सिंह बिष्ट पुत्र स्व. रघुवर सिंह बिष्ट की कार (यूके 06 एएन-7002) 9 दिसंबर की रात घर के आंगन से चोरी हुई थी। काफी तलाश करने के बाद उन्होंने 16 दिसंबर को थाने में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 379 के तहत रिपोर्ट दर्ज की।
एसपी देवेंद्र पींचा एवं सीओ अविनाश वर्मा ने थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण के नेतृत्व में टीम का गठन कर कार और चोर का पता लगाने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी कमलजीत सिंह को रविवार देर शाम बनबसा स्थित धनुषपुल के पास से कार सहित गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कार चोरी किया जाना स्वीकारा है। आरोपी के खिलाफ धारा 419 एवं 420 बढ़ाकर उसे जेल भेज दिया है।