टनकपुर में पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन सदस्य प्रदर्शन करते हुए। संवाद
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मार्ग पर टैक्सी एवं जीपों के संचालन को लेकर श्री मां पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन और बाबा भैरव मंदिर ब्रह्मदेव टैक्सी संचालन समिति के बीच विवाद गहरा गया है। भैरव मंदिर से वाहन खाली लौटाने एवं चालक से अभद्रता करने से भड़के पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के संचालकों और चालकों ने सोमवार शाम तहसील परिसर में धरना दिया जिसे बाद में प्रभारी तहसीलदार के आश्वासन पर समाप्त किया गया।
पूर्णागिरि मार्ग पर वाहन संचालन को लेकर पूर्व में दोनों यूनियनों के बीच एसडीएम की मौजूदगी में समझौता हुआ था। सोमवार को श्री मां पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन के संचालकों और चालकों ने ब्रह्मदेव टैक्सी संचालन समिति के पदाधिकारियों पर उनकी यूनियन से जुड़ी टैक्सी जीपों को भैरव मंदिर से खदेड़कर चालक के साथ अभद्रता का आरोप लगाया। इसके बाद वह तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कहा कि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
एसोसिएशन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में एसोसिएशन के महासचिव नारायण सिंह गैंडा, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, शरद कुमार, सोनू वाल्मीकि, पप्पू रस्तोगी, सुरेंद्र सिंह, हर्ष साहू, हर्ष देव यादव, किशोर सिंह, विनोद कुमार, सोनू कश्यप, शरद कुमार, कमल आदि धरने पर बैठे।
शाम को प्रभारी तहसीलदार पिंकी आर्या से वार्ता के बाद यूनियन संचालकों और चालकों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रभारी तहसीलदार ने बताया कि मंगलवार को दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों की वार्ता की जाएगी।