आमबाग में जंगल और गांव की सीमा पर लगी टेंटिकल सोलर फेंसिंग।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। लंबे समय से हाथियों का उत्पात झेल रहे बस्तिया और आमबाग के ग्रामीणों को भी अब हाथियों के उत्पात से छुटकारा मिलेगा। वन विभाग ने कैंपा मद से जंगल और गांव की सीमा पर 2247 मीटर लंबी टेंटिकल सोलर फेंसिंग लगा दी है। जबकि बस्तिया में 1000 मीटर और ज्ञानखेड़ा में 500 मीटर लंबी फेंसिंग और लगाया जाना प्रस्तावित हैं। फेंसिंग लगने से खुश ग्रामीणों ने वन विभाग का आभार जताया है।
जंगल से लगे गांवों में आए दिन हाथियों का उत्पात आम बात हैं। हाड़तोड़ मेहनत से तैयार फसल और संपत्ति की सुरक्षा ग्रामीणों के लिए चुनौती सी बनी गई है, लेकिन अब वन विभाग ने टेंटिकल सोलर फेंसिंग के सहारे हाथियों के उत्पात से छुटकारा दिलाने का काम शुरू किया है। गैंड़ाखाली में किए प्रयोग की सफलता के बाद हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ कुंदन कुमार के निर्देश पर शारदा रेंज ने बस्तिया और आमबाग में भी फेंसिंग लगा दी है। वन क्षेत्राधिकारी महेश सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों गांवों में 2247 मीटर फेंसिंग लगाई गई। जबकि अभी बस्तिया में 1000 और आमबाग-ज्ञानखेड़ा में 500 मी. और फेंसिंग लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। फेंसिंग लगाने पर बस्तिया की ग्राम प्रधान कविता धौनी, आमबाग की प्रधान मोहिनी चंद, मोहनपुर की प्रधान राधिका चंद और ज्ञानखेड़ा के प्रधान रवि कुमार ने वन विभाग का आभार जताया है।