चंपावत। नगर का रोडवेज स्टेशन जल्द आधुनिक रूप में नजर आएगा। पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम करीब 63 करोड़ से अधिक की लागत से मल्टी स्टोरी रोडवेज स्टेशन में पार्किंग की सुविधा के साथ करीब 59 दुकानें बनाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम (सीएनडीएस) ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रोडवेज स्टेशन को आधुनिक मल्टी स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कांप्लेक्स का प्रस्ताव तैयार किया है। आधुनिक स्टेशन में बेसमेंट एरिया, ग्राउंड फ्लोर, प्रथम, द्वितीय फ्लोर का निर्माण किया जाएगा। बेसमेंट में 101 वाहनों की पार्किंग की सुविधा के साथ ही गार्ड रूम बनेगा। ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें, रेस्टोरेंट, क्योस्क, रोडवेज कार्यालय होगा। 15 रोडवेज बसों के पार्क करने की सुविधा होगी।
दूसरे फ्लोर में चालकों के लिए डॉरमेट्री, 26 दुकानें और ऑफिस एरिया होगा। तीसरे फ्लोर में रेस्टोरेंट, बरात घर, 30 दुकानें, छह अतिथि कक्ष होंगे। बता दें कि रोडवेज स्टेशन के आधुनिक निर्माण से पूर्व बस स्टेशन को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए उचित स्थल देखा जा रहा है। वर्तमान में पिथौरागढ़, लोहाघाट और टनकपुर डिपो की बसें आए दिन यहां पर रुकती हैं। सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर जीसी पंत ने बताया कि ई-टेंडर प्रक्रिया कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जून से काम शुरू किया जाएगा।