चंपावत। जिला मुख्यालय में रात्रि में भारी मात्रा में गिर रहे पाले के कारण तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पाले के कारण घरों में नलों में पानी जमने से लोगों की दिक्कतों में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को दिन में जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रात्रि में मौसम के पूरी तरह से साफ रहने के कारण सामान्य दिनों की तुलना में आजकल काफी पाला गिर रहा है। सुबह जब पाला पिघलने का समय होता है, उस समय आसमान में बादल लगने के कारण लोगों को लंबे समय तक शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ रहा है।
पाले के असर के कारण इन दिनों सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग की ओर से अभी आने वाले एक सप्ताह तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते ठंड का प्रकोप जारी रहने की भविष्यवाणी की गई है।